अफीम तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: ड्रोन सर्वे के बाद 50 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, 200 एकड़ पर कार्रवाई का लक्ष्य
चौपारण : चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 28 जनवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम अंजन में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 50 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
संयुक्त अभियान के दौरान अंजन क्षेत्र के विभिन्न दुर्गम इलाकों में फैली अफीम की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से 8 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ड्रोन सर्वे के माध्यम से अंजन क्षेत्र में करीब 200 एकड़ में अफीम की खेती होने का अनुमान है। आज की कार्रवाई में 50 एकड़ फसल को नष्ट किया गया है, जबकि तीन दिनों के भीतर शेष 200 एकड़ अफीम की खेती को पूर्ण रूप से विनष्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पूर्व में इस क्षेत्र में नियमित विनष्टीकरण नहीं होने के कारण तस्करों के हौसले बुलंद हो गए थे, जिस पर अब निर्णायक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के बाद उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले में अग्रतर कार्रवाई लगातार जारी है।
इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही श्री अजित कुमार बिमल, पु0नि0 चंद्रशेखर (बरही अंचल), थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, SI सुबिन्दर राम, SI रवि रंजन, SI दिव्य प्रकाश, ASI बदल महतो, ASI कमरुद्दीन, बनपाल कुलदीप कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से दुर्गम इलाकों की पहचान कर अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.