मैट्रिक–इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क,बीडीओ नितेश कुमार भास्कर ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
चौपारण : मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर चौपारण प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नितेश कुमार भास्कर ने प्रखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, केंद्राधीक्षकों की उपस्थिति, वीक्षण व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न होनी चाहिए।
बीडीओ नितेश कुमार भास्कर ने परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों से नियमों का पालन करते हुए निडर होकर परीक्षा देने की अपील की तथा अभिभावकों से भी शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन में सहयोग करने का अनुरोध किया।
इसी क्रम में बीडीओ ने केबीएसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चौपारण स्थित परीक्षा केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर केंद्राधीक्षक काली चरण राम ने बताया कि इस केंद्र पर परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित की जा रही है। विद्यालय के सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा से संबंधित आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रथम पाली में मैट्रिक सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 766 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 765 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि एक विद्यार्थी अनुपस्थित पाया गया। वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 187 विद्यार्थियों में से 186 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा।
विद्यालय में परीक्षा का सुचारू संचालन केंद्राधीक्षक काली चरण राम, परीक्षा नियंत्रक नागेश्वर कुमार वर्मा तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों के सहयोग से किया जा रहा है। साथ ही वीक्षण कार्य में लगे शिक्षकों की भूमिका को भी सराहनीय बताया गया।
प्रशासन की सतर्कता और नियमित निरीक्षण के चलते सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल देखने को मिल रहा है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.