रामगढ़ में सांसद सामूहिक विवाह महोत्सव 8 फरवरी को, 101 जोड़ों के विवाह समारोह में शामिल होने की अपील
चौपारण : समाज में सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी 8 फरवरी 2026 को सिद्धू-कानू मैदान, रामगढ़ में भव्य सांसद सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर कुल 101 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया जाएगा।
इस कार्यक्रम को लेकर चौपारण पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने प्रखंड के समस्त सम्मानित नागरिकों से समारोह में सपरिवार उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक विवाह महोत्सव समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए एक सराहनीय पहल है, जिससे सामाजिक सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है।
राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को यादगार एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।
इस सामूहिक विवाह महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.