कोनार नहर निर्माण में अनियमितता का आरोप, करोड़ों खर्च के बावजूद खेतों तक नहीं पहुंचा पानी
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड के अलपीटो पंचायत में चल रहे कोनार नहर सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद नहर का पानी आज तक किसानों के खेतों तक नहीं पहुंच पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार लगभग 10 वर्ष पूर्व नहर का निर्माण कार्य पूरा किया गया था और नहर कहीं से भी क्षतिग्रस्त नहीं थी। इसके बावजूद वर्तमान में जेसीबी मशीन से पुरानी संरचना को तोड़कर पुनः निर्माण किया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि जब नहर सही स्थिति में थी तो दोबारा निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ी।
बताया जाता है कि निर्माण के कुछ वर्षों बाद नहर में घास-फूस उग आया था। इसकी सफाई के लिए लगभग 5 वर्ष पूर्व टेंडर भी निकाला गया था। सफाई कार्य किया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद नहर पुनः कचरा और झाड़ियों से भर गई। नतीजतन पानी खेतों तक नहीं पहुंच सका और किसानों को सिंचाई का लाभ नहीं मिला।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि नहर में पर्याप्त आउटलेट नहीं बनाए गए हैं, जिसके कारण पानी सीधे खेतों तक नहीं पहुंच पाता। कई किसानों का कहना है कि 45 वर्षों से इस परियोजना के नाम पर धन खर्च हो रहा है, लेकिन क्षेत्र की बंजर भूमि आज भी हरियाली से वंचित है।
एक बार फिर इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार नहर का पानी वास्तव में खेतों तक पहुंचेगा या फिर पूर्व की तरह योजना केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि नहर का लाभ वास्तविक रूप से किसानों को मिले।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा


No Previous Comments found.