कोनार नदी पर बन रहे पुल और कालीकरण सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत में कोनार नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं उससे जुड़ी कालीकरण सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी और संबंधित ठेकेदार पर घटिया निर्माण कार्य का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 से इस पुल का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन लगभग सात वर्ष बीत जाने के बाद भी यह पूर्ण नहीं हो सका है। यह पुल हजारीबाग जिला और बोकारो जिला को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। कार्य में हो रही देरी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कालीकरण सड़क में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया है। सड़क पर डामर की परत सही तरीके से नहीं बिछाई गई है, जिसके कारण सड़क जगह-जगह उखड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी कंपनी एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुल एवं सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

No Previous Comments found.