बरही थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक व होली मिलन समारोह आयोजित

हजारीबाग : होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बरही थाना परिसर में अपराह्न 4:00 बजे शांति समिति की बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न अखाड़ा समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने की। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का त्योहार है, इसलिए सभी लोग शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने सभी उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली के दौरान जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने, डीजे के अत्यधिक उपयोग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बाद होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

मौके पर जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अखाड़ा समिति के सदस्य, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.