होली, रमजान और रामनवमी को लेकर चौपारण थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

चौपारण (हजारीबाग) : आगामी होली, रमजान एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को चौपारण थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारियों ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षाविद् शंभू नारायण सिंह ने किया।

बैठक में अंचल अधिकारी संजय यादव, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुनील सिंह, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पर्व-त्योहारों में शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से सभी समुदायों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने को कहा गया।

अंचल अधिकारी संजय यादव ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जुलूस, डीजे और नमाज से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य होगा। अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.