रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट,दंडाधिकारियों व कर्मियों को उपायुक्त ने किया अलर्ट

हजारीबाग : रामनवमी 2026 के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में बुधवार को नगर भवन में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जुलूस के दौरान विधि व्यवस्था संधारण के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने अपने सेक्टर और जोन में समन्वय बनाकर प्रभावी कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्व से ही मजबूत कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने, पुलिस पदाधिकारियों, जोनल अधिकारियों, स्थानीय थाना और नागरिकों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण, समयबद्ध संचालन और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी अधिकारी प्रोसेशन के साथ लगातार मौजूद रहें और अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि आपात स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दें और हर परिस्थिति में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। बड़ा अखाड़ा परिसर समेत भीड़-भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ खोया-पाया केंद्रों को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।जुलूस की निगरानी जीपीएस और सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। वहीं, ड्यूटी प्वाइंट पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, विवादित गानों पर सख्त निगरानी रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.