12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी: आक्रोश से उबाल पर जनता, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे प्रखंड ही नहीं, बल्कि राज्यभर में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में गहरा रोष देखा जा रहा है और लगातार न्याय की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची के साथ हुई इस अमानवीय घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर एकजुटता देखी जा रही है।
घटना के विरोध में विष्णुगढ़ प्रखंड के विभिन्न गांवों से लोग सड़कों पर उतर आए हैं। हर दिन अलग-अलग गांवों से आक्रोश रैलियां निकाली जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और बैनर हैं, जिन पर “बेटी को इंसाफ दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारे लिखे हुए हैं।
घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ता जा रहा है। स्थानीय जनता का आरोप है कि प्रशासन मामले में ढिलाई बरत रहा है और जल्द कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
प्रखंड वासियों ने राज्य सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अब वे चुप बैठने वाले नहीं हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज
सामाजिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है और सरकार से मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को समुचित सुरक्षा और सहायता देने की भी मांग की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज और प्रशासन के सामने यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक मासूम बच्चियां इस तरह की दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा
No Previous Comments found.