दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न,कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक मार्गदर्शन
चौपारण (हजारीबाग) : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का आयोजन चौपारण पश्चिमी मंडल के जवनपुर पंचायत भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कुमार यादव उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव ने किया। प्रशिक्षण के प्रभारी के रूप में रमेश ठाकुर मौजूद रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी। मुकुंद साव ने भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डाला, वहीं रामस्वरूप पासवान ने बूथ प्रबंधन की रणनीति समझाई। विकास यादव ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की महत्ता बताई, जबकि रमेश ठाकुर ने वैचारिक अधिष्ठापन पर चर्चा की। राजेंद्र चंद्रवंशी ने अंत्योदय से संतृप्ति, भरत सिंह ने कार्य पद्धति, अर्जुन साव ने कार्य विस्तार और राजदेव यादव ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर अपने विचार रखे। रंजित चंद्रवंशी ने नमो ऐप, सरल ऐप, एआई एवं एसआईआर जैसे आधुनिक तकनीकी विषयों पर जानकारी दी।
विधायक मनोज कुमार यादव ने सभी विषयों का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता—“कार्यकर्ता है, तभी पार्टी है और तभी हम सब हैं।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुखिया जानकी यादव की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा मुखिया गंदौरी दांगी, उपमुखिया प्यारेलाल दांगी, केशरी नायक सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रशिक्षण प्राप्त कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.