मेडिकल कॉलेज विस्तार और नर्सिंग कॉलेज निर्माण को लेकर भूमि निरीक्षण
हजारीबाग : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बुधवार को निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर के विस्तार तथा प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर से सटे क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही मेडिकल कॉलेज के समुचित विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार के हालिया हजारीबाग दौरे के दौरान मिले निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि भविष्य में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पीजी (स्नातकोत्तर) पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है, जिससे छात्रों की संख्या में वृद्धि होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए लगभग 25 एकड़ अतिरिक्त भूमि चिन्हित की जा रही है, ताकि नए कैंपस, छात्रावास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने से मेडिकल कॉलेज का सुनियोजित और व्यापक विस्तार संभव होगा, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त ने वर्तमान 14 फीट चौड़ी सड़क को 40 फीट तक चौड़ा करने का निर्देश भी दिया, ताकि बड़े वाहनों और एम्बुलेंस की आवाजाही सुगम हो सके।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भूमि चिन्हितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और सभी आवश्यक कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, सदर अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.