थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में चौपारण पुलिस की सक्रियता बढ़ी, अपराधियों पर लगातार हो रही कार्रवाई

चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण थाना में थाना प्रभारी के रूप में पंकज कुमार के पदभार संभालने के बाद से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन काफी सक्रिय नजर आ रहा है। लगातार चलाए जा रहे समकालीन अभियान, छापामारी और विशेष कार्रवाई के कारण अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार वारंटियों, शराब कारोबारियों, चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

हाल ही में ग्राम केंदुआ में चलाए गए छापामारी अभियान में जी.(एफ) 515/17 के तीन वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि चौपारण पुलिस अब अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ काम कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कई मामलों में अपराधी खुलेआम घूमते नजर आते थे, लेकिन अब लगातार पुलिस कार्रवाई से उन पर लगाम लग रही है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही साफ कर दिया था कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके निर्देशन में पुलिस टीम दिन-रात क्षेत्र में गश्ती अभियान चला रही है तथा लंबित मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता बढ़ने से आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। बाजार, ग्रामीण क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं अपराधियों में पुलिस का भय साफ देखा जा रहा है। थाना प्रभारी पंकज कुमार की कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा हो रही है और लोग इसे चौपारण में बेहतर कानून व्यवस्था की दिशा में सकारात्मक पहल मान रहे हैं।

रिपोर्टर : अमित सिंह
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.