लोकनायक जयप्रकाश आंख अस्पताल में कॉर्निया विभाग की शुरुआत, अब क्षेत्रीय मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
चौपारण (हजारीबाग) : नव भारत जागृति केंद्र द्वारा संचालित नव भारत जागृति केंद्र के अंतर्गत चल रहे लोकनायक जयप्रकाश आंख अस्पताल में अब कॉर्निया विभाग की शुरुआत होने जा रही है। यह क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है, क्योंकि अब कॉर्निया से संबंधित इलाज के लिए लोगों को बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सोमवार 25 मई को रांची की प्रसिद्ध कॉर्निया विशेषज्ञ डॉ. सबा इकबाल अस्पताल में अपनी सेवा देने पहुंच रही हैं। उनके आने से हजारीबाग सहित आसपास के कई जिलों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिलेगा। अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि फिलहाल कॉर्निया से संबंधित जांच के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मरीज इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
अस्पताल के कार्यक्रम निदेशक गंधर्व गौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले समय में अस्पताल में कॉर्निया ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है तथा सरकार को कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर के अनुमोदन हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमोदन प्राप्त होते ही अस्पताल में यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कॉर्निया ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू होने के बाद हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, कोडरमा, गया, नवादा और औरंगाबाद जैसे जिलों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अभी तक इन क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए रांची, पटना या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
अस्पताल प्रबंधन लगातार ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में नेत्र जांच शिविर आयोजित कर लोगों को आंखों की बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक कर रहा है। अस्पताल के मैनेजर संतोष पुरी ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आने वाले समय में कई नई चिकित्सा सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।
क्षेत्र के लोगों ने अस्पताल में कॉर्निया विभाग की शुरुआत को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खुशी जताई है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.