बकरीद को लेकर विष्णुगढ़ थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पूरे विष्णुगढ़ प्रखंड में शांति व्यवस्था बनाए रखना, आपसी भाईचारा कायम रखना तथा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना था। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में नए डीएसपी मोहम्मद फैजान, नए थाना प्रभारी सुभाष सिंह, थाना प्रभारी सपन महथा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी मोहम्मद फैजान ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और त्याग का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने आम लोगों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नए थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने कहा कि बकरीद को लेकर पूरे प्रखंड में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस बल लगातार गश्त करेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी और माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आम जनता के सहयोग से ही शांति व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में कहा कि विष्णुगढ़ की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे और सौहार्द की रही है और इसे बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में प्रशासन की ओर से लोगों से शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की गई।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.