बकरीद पर्व को लेकर बरही में मॉक ड्रिल, पुलिस-प्रशासन ने किया शक्ति प्रदर्शन
बरही (हजारीबाग) : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर बरही चौक के समीप तिलैया रोड में भव्य मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति, उपद्रव एवं असामाजिक गतिविधियों से निपटने की अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न तरीकों का अभ्यास किया। जवानों द्वारा लाठी चार्ज, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग, आंसू गैस के गोले छोड़ना तथा फायरिंग जैसी कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करना था, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन ने यह संदेश दिया कि किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर उपस्थित जोहन टुडू ने कहा कि बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है तथा किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.