बकरीद पर्व को लेकर चौपारण थाना अलर्ट,शांति समिति बैठक में थाना प्रभारी पंकज कुमार ने दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
चौपारण (हजारीबाग) : आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर चौपारण थाना परिसर में शांति समिति एवं विधि व्यवस्था की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं आम लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
थाना प्रभारी ने पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अलर्ट मोड में कार्य करने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
बैठक में बकरीद पर्व के दौरान होने वाली कुर्बानी को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने निर्देश दिया कि पशुओं के अवशेषों का व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही आमजनों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। पुलिस सहायता हेतु आपातकालीन नंबर 112 जारी रखते हुए जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।
त्योहार के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर भी प्रशासन गंभीर नजर आया। बैठक में मुख्य बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने तथा आम सूचना जारी करने का निर्देश दिया गया।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों से जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से बचें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखें।
उन्होंने चौपारणवासियों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता के साथ ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.