14 जून को लगेगा विशाल रक्तदान शिविर, लोगों को किया जाएगा प्रेरित

चौपारण (हजारीबाग) : सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में युवा प्रेस क्लब चौपारण ने आगामी 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रविवार को स्थानीय टीवीएस शोरूम परिसर में क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए युवा प्रेस क्लब की ओर से पांच सदस्यीय टीमों का गठन किया जाएगा। यह टीम विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं से संपर्क कर उन्हें रक्तदान शिविर में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेगी। साथ ही रक्तदान के महत्व को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

क्लब अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। समाज के सभी स्वस्थ लोगों को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। युवा प्रेस क्लब समाज सेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।”

सचिव मनीष सिन्हा ने कहा कि “यह शिविर समाज के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। क्लब के सदस्य विभिन्न वर्गों के लोगों से संपर्क कर उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।”

संरक्षक राजेश सहाय ने कहा कि “रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। युवा प्रेस क्लब का यह प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करेगा।”

बैठक में उपाध्यक्ष विशाल सिन्हा, कोषाध्यक्ष बैजू गहलौत, संरक्षक मुकुंद साव, मीडिया प्रभारी अखिलेश पांडेय सहित सभी पदाधिकारियों ने शिविर को सफल बनाने का संकल्प लिया। मौके पर अजीत सिंह, राकेश सहाय, बच्चू राणा, धीरज सिंह, कृष्णा कुमार कुशवाहा, अमित सिंह, प्रमोद सोनी, शंकर रविदास, चंद्रशेखर पांडेय, रणधीर राणा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान अभियान से जोड़ने एवं शिविर को सफल बनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.