खावा आहर के मिट्टी कटाव कार्य पर उठे सवाल

चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के मानगढ़ गांव स्थित खावा आहर में जलछाजन विभाग द्वारा कराए जा रहे मिट्टी कटाव कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने कार्य में अनियमितता बरते जाने तथा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीण लक्ष्मण पांडे ने बताया कि खावा आहर में जलछाजन विभाग की ओर से लगभग 24 लाख रुपये की लागत से मिट्टी कटाव कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्य की गहराई निर्धारित मानक के अनुसार करीब छह फीट होनी चाहिए, लेकिन प्रारंभिक स्तर से ही कई अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।

लक्ष्मण पांडे ने कहा कि खावा आहर का क्षेत्रफल लगभग पांच एकड़ से अधिक है और योजना के अनुसार इसी क्षेत्र में कार्य होना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित क्षेत्र से बाहर कार्य किए जाने की स्थिति में वे इसका विरोध करने को बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मिट्टी कटाव कार्य में गुणवत्ता का अभाव है और सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर विभागीय निगरानी पर्याप्त नहीं होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कटाव कार्य से निकाली जा रही मिट्टी को ठेकेदार द्वारा करीब 150 रुपये प्रति ट्रैक्टर की दर से बेचा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह आरोप सही है तो यह सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का गंभीर मामला है। इसको लेकर गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खावा आहर क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण जलस्रोत है। यदि मिट्टी कटाव एवं संरक्षण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया तो भविष्य में किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने जलछाजन विभाग, जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, विभागीय अधिकारियों ने कहा कि प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर सरकारी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.