मानवता की मिसाल: बरही थाना प्रभारी ने सूझबूझ से भटके हुए मासूम को मां से मिलाया
बरही (हजारीबाग) : बरही पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक भटके हुए 7-8 वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित उसकी मां तक पहुंचा दिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव के इस मानवीय कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
गश्ती के दौरान मिला बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम बरही चौक पर गश्ती (पेट्रोलिंग) के दौरान थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव की नजर एक अकेले घूम रहे मासूम बच्चे पर पड़ी। रात के समय बच्चे को अकेला देख पुलिस ने उससे पूछताछ की।
पिता से मिलने गिरिडीह जा रहा था मासूम
पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह तिलैया डैम स्थित अपने कोचिंग संस्थान से निकला था। वह अपने पिता से मिलने के लिए अकेले ही गिरिडीह जाने की कोशिश कर रहा था और रास्ता भटककर बरही चौक तक पहुंच गया।
कोचिंग कर्मी का निकला बेटा
बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी उसे तुरंत अपने सरकारी वाहन से तिलैया डैम स्थित कोचिंग संस्थान लेकर पहुंचे। वहां छानबीन और जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि वह बच्चा उसी कोचिंग संस्थान में काम करने वाली एक महिला कर्मी का ही बेटा है।
परिजनों ने जताया आभार
कागजी प्रक्रिया और पूरी जांच के बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने खोए हुए बच्चे को वापस पाकर मां की आंखें नम हो गईं। महिला और कोचिंग संस्थान के अन्य कर्मियों ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव और बरही पुलिस की इस मानवीय पहल के लिए दिल से आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के इस सराहनीय कदम से खाकी पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.