चौपारण युवा प्रेस क्लब का आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

चौपारण (हजारीबाग) : युवा प्रेस क्लब,चौपारण द्वारा शुक्रवार 12 जून 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से चौपारण स्थित सावित्री मेडिकल हॉल, सब्जी मार्केट के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्लब के पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं तथा विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित कर रहे हैं।

गुरुवार को युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह,सचिव मनीष सिन्हा एवं कोषाध्यक्ष बैजू गहलौत ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नितेश भास्कर से मुलाकात कर उन्हें रक्तदान शिविर में शामिल होने का निमंत्रण दिया। बीडीओ ने क्लब की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना एक महान कार्य है और ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक साबित होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इसके बाद क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी (सीओ) संजय यादव से मुलाकात कर उन्हें भी शिविर में शामिल होने का आमंत्रण दिया। सीओ ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवा प्रेस क्लब के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित रहने की सहमति जताई।

वहीं, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार से भी मुलाकात कर उन्हें रक्तदान शिविर में आमंत्रित किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने भी कार्यक्रम में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने की बात कही।

क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन एवं गंभीर बीमारियों के दौरान अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे 12 जून को सुबह 11 बजे सावित्री मेडिकल हॉल, सब्जी मार्केट के पास पहुंचकर रक्तदान करें और इस मानवीय अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक साबित हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

रक्तदान शिविर को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा बड़ी संख्या में लोगों के इसमें भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.