अलपिटो पंचायत में खतियानी जमीन से सिकमी हटाने की मांग तेज

विष्णुगढ़ : प्रखंड के अलपिटो पंचायत में खतियानी जमीन पर दर्ज सिकमी को हटाने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने पहल शुरू कर दी है। विधायक प्रतिनिधि धनेश्वर यादव एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भिखन रविदास ने इस संबंध में अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
आवेदन में बताया गया है कि पंचायत में लगभग 100 खतियानी जमीन मालिक ऐसे हैं, जिनकी जमीन पर सिकमी दर्ज होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कृषि संबंधी लाभों से वंचित रहना पड़ रहा है। किसानों को जमीन संबंधी कार्यों में भी कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जनप्रतिनिधियों ने अंचलाधिकारी से मिलकर किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और सिकमी हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान अंचलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच एवं आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
विधायक प्रतिनिधि धनेश्वर यादव ने कहा कि पंचायत के किसानों की यह लंबे समय से चली आ रही समस्या है। सिकमी के कारण किसानों को अपनी ही जमीन पर कई प्रकार की प्रशासनिक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भिखन रविदास ने कहा कि ग्रामीणों की मांग को प्रशासन तक पहुंचाया गया है और किसानों को न्याय दिलाने के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही सकारात्मक कदम उठाएगा, जिससे पंचायत के सैकड़ों किसानों को राहत मिल सकेगी। किसानों ने भी जनप्रतिनिधियों की इस पहल का स्वागत करते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.