बरियातू में फिर टूटा चोरों का कहर,सोहर साव के घर से जेवर नकदी की चोरी

हजारीबाग : बरियातू पंचायत में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुछ माह पूर्व गुरगुटिया टोला के तीन घरों में हुई चोरी के मामले का अब तक खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। इसी बीच मंगलवार की रात चोरों ने बरियातू गांव में एक और बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।जानकारी के अनुसार, 17 जून की रात अज्ञात चोरों ने बरियातू निवासी सोहर साव के घर का ताला तोड़कर घर में रखे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने चोरी की सूचना स्थानीय थाना को दी है।ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले गुरगुटिया टोला में वासुदेव ठाकुर, राजेंद्र राणा और हरि साव के परिजनों के घरों में भी चोरी हुई थी। उस मामले में थाना में कांड संख्या 65/2026 अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज किया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो चोरों तक पहुंच सकी और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो पाई।बरियातू पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि पुराने मामले का समय पर खुलासा हो जाता तो संभवतः चोर दोबारा वारदात करने का साहस नहीं जुटा पाते। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और दोनों मामलों की निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग की।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कांड संख्या 65/2026 सहित सोहर साव के घर हुई चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.