हजारीबाग में लघु एवं कुटीर उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, जुलाई अगस्त में लगेगा आर्टिजंस मेला

हजारीबाग : हजारीबाग जिले में लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में उद्योग विभाग, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड तथा जनजागरण मंच के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति और कारीगरों के विकास पर चर्चा हुई।बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी पात्र कारीगरों का पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा आर्टिजंस कार्ड बनाने का निर्देश दिया।अधिकारियों को अगले एक माह के भीतर विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लाभुकों का पंजीकरण एवं बैंक ऋण स्वीकृत कराने को कहा गया। साथ ही सभी प्रखंड समन्वयकों को न्यूनतम 20 आर्टिजंस कार्ड तैयार कराने का लक्ष्य दिया गया।

चौपारण में संचालित ऊलेन मार्केट को बढ़ावा देने के लिए सहकारी समिति के गठन एवं उसके पदाधिकारियों के चयन का भी निर्देश दिया गया। जिले में तैयार होने वाले जूट उत्पाद, सोहराई कला, सिलाई-कढ़ाई, काष्ठ कला, बांस उत्पाद तथा अन्य हस्तशिल्प वस्तुओं के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्टिजंस मेले के आयोजन का निर्णय लिया गया।यह मेला 13 से 15 जुलाई तथा 5 से 7 अगस्त 2026 तक ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित होगा। मेले में कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा।
बैठक में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की स्थापना, पीएमएफएमई योजना के लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। पीएमएफएमई योजना के लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल को जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.