ब्लू अपाचे पर सवार दो बदमाश चौपारण की ओर फरार,लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत
चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के मध्यगोपाली गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और चौपारण की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बदमाश ब्लू रंग की अपाची बाइक पर सवार थे। इनमें से एक युवक हेलमेट पहने हुए था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।पीड़िता मोसोमात सरस्वती देवी, स्वर्गीय लेखो साव की पत्नी हैं। बताया जाता है कि वह अपने घर के समीप थीं, तभी बाइक सवार बदमाश अचानक पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से चौपारण की ओर भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों द्वारा महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं ने बताया कि लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं के कारण अब उन्होंने सोने के आभूषण पहनना भी कम कर दिया है।स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध बाइक सवारों की सघन जांच कराने तथा छिनतई की घटनाओं में शामिल बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : अमित सिंह चौपारण
No Previous Comments found.