SIR-2026 कार्यों की हुई गहन समीक्षा
हजारीबाग : विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का आकलन करने के लिए बुधवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने मत्स्य विभाग परिसर, इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, केबी हाई स्कूल (कोर्रा) तथा दीपगढ़ा स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। यहां बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों द्वारा प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति, डिजिटाइजेशन की प्रगति तथा एएसडीडी सूची के अद्यतन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अभिलेखों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मियों को बीएलए-2 के साथ नियमित बैठक सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रत्येक चरण को पारदर्शिता, सटीकता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति की अद्यतन स्थिति, डिजिटाइजेशन की प्रगति, मृत्यु, डुप्लीकेट एवं स्थानांतरण से संबंधित मामलों का अलग-अलग विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने तथा एएसडीडी सूची का शीघ्र संकलन एवं अद्यतन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मुकेश
No Previous Comments found.