14वीं जेपीएससी मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित हो : संजय मेहता
हजारीबाग : आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) मेन्स परीक्षा को तत्काल स्थगित करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विवादों और आयोग में उत्पन्न हालात को देखते हुए मेन्स परीक्षा का आयोजन अभ्यर्थियों के हित में नहीं होगा।
संजय मेहता ने कहा कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के बाद से लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है और आयोग के अध्यक्ष ने भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में अध्यक्ष के बिना मेन्स परीक्षा कराने की प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े हो रहे हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सरकार जल्दबाजी में नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर परीक्षा आयोजित करने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच पूरी कराए। जांच पूरी होने तक मेन्स परीक्षा स्थगित कर नई अधिसूचना जारी की जाए, ताकि अभ्यर्थियों के बीच किसी प्रकार का भ्रम या असंतोष न रहे।
आजसू नेता ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार और आयोग की संयुक्त जिम्मेदारी है। यदि परीक्षा प्रक्रिया पर ही संदेह के बादल मंडरा रहे हों, तो पहले सभी विवादों का समाधान होना चाहिए। सरकार को छात्रों के भविष्य और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसा निर्णय लेना चाहिए, जिससे परीक्षा प्रणाली में अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रहे।
संजय मेहता ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से 14वीं जेपीएससी मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित करने तथा निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद ही आगे की परीक्षा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
रिपोर्टर : मुकेश
No Previous Comments found.