चौपारण में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 18 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तीन गिरफ्तार

चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो कारें भी जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि झारखंड से शराब बिहार भेजी जा रही थी। पुलिस का मानना है कि इस धंधे में एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 23 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि कमलवार मोड़ से अंबाजीत जाने वाली सड़क पर एक सफेद कार से शराब उतारकर दूसरी कार में लोड कर बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।पुलिस टीम जब कमलवार मोड़ से करीब 500 मीटर आगे अंबाजीत रोड पहुंची तो दो कारें आमने-सामने खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों की डिक्की खुली थी और कुछ लोग एक कार से दूसरी कार में शराब की पेटियां लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौपारण थाना क्षेत्र के दबगर मोहल्ला निवासी सोनू कुमार दास (35) तथा बिहार के गया जिला अंतर्गत डोभी थाना क्षेत्र के करमोनी गांव निवासी आशीष कुमार (20) और संतोष कुमार यादव (20) के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान हुंडई वरना कार से 11 पेटी और अल्टो कार से 7 पेटी ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की 180 एमएल व्हिस्की बरामद हुई। कुल 18 पेटियों में 864 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपित शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों कारों को भी जब्त कर लिया है।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब की खेप बगोदर से लाई गई थी और उसे दूसरी कार के माध्यम से बिहार भेजने की तैयारी चल रही थी।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले में सिर्फ तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि इस तस्करी से जुड़े कई अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
 पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.