जवाबी फायरिंग में अपराधी के पैर में लगी गोली, पिस्टल व खोखा बरामद; दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार

हजारीबाग बड़कागांव : बड़कागांव  मुख्य मार्ग पर 13 माइल स्थित चक्रवार जंगल में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सैयद मोहम्मद निशान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, उसके दो अन्य साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी अमन कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों में अभियान चला रही है।
इस पूरी कार्रवाई में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह और उनकी टीम की भूमिका चर्चा में है। अपराधियों के खिलाफ सीधे मोर्चा लेते हुए पुलिस टीम ने साहस और तत्परता का परिचय दिया। माओवादी गतिविधियों के दौर के बाद आमतौर पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं अपेक्षाकृत कम देखने को मिलती हैं, ऐसे में बड़कागांव की यह कार्रवाई पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।दीपक सिंह का अपराधियों के खिलाफ अभियान का पुराना रिकॉर्ड भी चर्चा में रहा है। चौपारण थाना प्रभारी के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जीटी रोड पर गौ तस्करी के खिलाफ कई सघन अभियान चलाए थे और तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की थी। यही वजह है कि पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों के बीच उनकी कार्यशैली को लेकर पहले से चर्चा रही है।
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर लगातार सख्ती और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के कारण दीपक सिंह को क्षेत्र में कई लोग ‘सिंघम’ के नाम से भी पुकारते रहे हैं। बड़कागांव की ताजा मुठभेड़ ने एक बार फिर उनकी पुलिसिंग शैली को सुर्खियों में ला दिया है।पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और हाल की आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। फरार दोनों अपराधियों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान जारी है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.