अहरी गांव में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

चौपारण (हजारीबाग)  : केंद्र सरकार के 100 डे टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चौपारण प्रखंड की चोरदहा पंचायत स्थित अहरी गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संभावित टीबी मरीजों की पहचान के लिए व्यापक स्क्रीनिंग की गई तथा ग्रामीणों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया।

जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, हजारीबाग एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। संभावित टीबी मरीजों की पहचान के लिए डिजिटल एक्स-रे किया गया। इसके अलावा ग्रामीणों का रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर) एवं हीमोग्लोबिन की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक ही स्थान पर कई तरह की जांच उपलब्ध होने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली और लोगों ने उत्साहपूर्वक शिविर का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, वजन कम होना, लगातार बुखार, रात में अत्यधिक पसीना आना या कमजोरी महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें विभाग की निगरानी में उपचार से जोड़ा जाएगा। साथ ही आवश्यकता के अनुसार पोषण सहायता एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

अधिकारियों ने बताया कि 100 डे टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समुदाय स्तर पर संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि संक्रमण के प्रसार पर रोक लगाई जा सके और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि टीबी के लक्षणों को कभी नजरअंदाज न करें तथा समय पर जांच कराकर स्वयं और अपने परिवार को इस बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.