दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर बरही चौक में श्रद्धांजलि सभा, प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग

बरही (हजारीबाग) : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को बरही चौक में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ताओं ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर एक विशाल रैली निकाली गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व जेएमएम चौपारण प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल सिंह ने किया। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। बरही चौक पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और "दिशोम गुरु अमर रहें" के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर जेएमएम हजारीबाग जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड की अस्मिता, पहचान और अधिकारों के सबसे बड़े संघर्षशील नेताओं में से एक थे। उन्होंने अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए वर्षों तक संघर्ष किया और अनेक जन आंदोलनों का नेतृत्व किया। उनके अथक प्रयासों और बलिदान के परिणामस्वरूप झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि गुरु जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी, मूलवासी और आम जनमानस के अधिकारों के लिए लगातार आवाज बुलंद की। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बरही चौक पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी और नई पीढ़ी उनके संघर्ष एवं योगदान से प्रेरणा ले सकेगी।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के विकास और जनहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.