किराना दुकानों की आड़ में बिक रही थी बीयर,दो गिरफ्तार
हजारीबाग,पदमा : जिले के पदमा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कुटीपीसी गांव में किराना दुकानों की आड़ में कथित रूप से अवैध बीयर बिक्री का मामला सामने आया है।पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो किराना दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। दोनों दुकानों से अलग-अलग कंपनियों की कुल 75 बोतल बीयर बरामद की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 16 अगस्त की शाम करीब छह बजे सूचना मिली थी कि कुटीपीसी गांव में कुछ किराना दुकानों में अवैध रूप से बीयर की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कुटीपीसी गांव स्थित विभिन्न दुकानों की जांच की। इस दौरान बादल कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता बलदेव प्रसाद मेहता, ग्राम नावाडीह, थाना पदमा, जिला हजारीबाग तथा उपेन्द्र कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता गणेश प्रसाद मेहता, ग्राम कुटीपीसी, थाना पदमा, जिला हजारीबाग को उनकी किराना दुकानों से कथित रूप से अवैध बीयर बेचते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार बादल कुमार की दुकान से गॉडफादर बीयर की पांच बोतल, गॉडफादर कैन बीयर की दस बोतल, किंगफिशर बीयर की छह बोतल और किंगफिशर कैन बीयर की नौ बोतल, कुल 30 बोतल बरामद की गई। वहीं उपेन्द्र कुमार की दुकान से गॉडफादर बीयर की सात बोतल, गॉडफादर कैन बीयर की छह बोतल, किंगफिशर बीयर की 20 बोतल और किंगफिशर कैन बीयर की 12 बोतल, कुल 45 बोतल बरामद हुई।इस प्रकार दोनों दुकानों से कुल 75 बोतल बीयर बरामद की गई। पुलिस ने बरामद बीयर को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बरही (पदमा ओपी) थाना कांड संख्या 289/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कुटीपीसी में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने संकेत दिया है कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.