तीन दिन तक लावारिस पड़ा रहा शव, आखिर इंसानियत ने थामा हाथ

चौपारण (हजारीबाग) : चतरा रोड स्थित बिगहा बाजार के करकट शेड में तीन दिनों तक पड़े रहे एक अज्ञात व्यक्ति के शव को आखिरकार इंसानियत का सहारा मिला। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में एंबुलेंस चालक शक्ति ने आगे बढ़कर शव को वहां से उठाया और बरही पहुंचाकर मानवीय जिम्मेदारी निभाई।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक स्थानीय व्यक्ति था और भुइयां समाज से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, उसके नाम, गांव, घर या परिजनों से संबंधित कोई पुख्ता जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद पहचान के लिए कोई सामने नहीं आया।

बताया जाता है कि बिगहा बाजार के करकट शेड में शव करीब तीन दिनों तक पड़ा रहा। ग्रामीणों के अनुसार इसकी सूचना प्रशासन को दी गई थी और प्रशासनिक टीम क मौके पर पहुंचने की बात भी सामने आई, लेकिन शव को तत्काल वहां से हटाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। शव के पास जाने से भी लोग भय और संकोच के कारण बचते रहे।

मामला सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद चर्चा तेज हुई। इसी बीच एंबुलेंस चालक शक्ति ने किसी के आगे आने का इंतजार नहीं किया और स्वयं शव को उठाकर एंबुलेंस से बरही पहुंचाया। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि पहचान भले ही नहीं हो पाई हो, लेकिन एक मृत व्यक्ति को सम्मानजनक अंतिम विदाई मिलना उसका मानवीय अधिकार है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शव को बरही भेजा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को हजारीबाग भेजा जाएगा। निर्धारित अवधि में पहचान नहीं होने पर नीरज कुमार की टीम के सहयोग से हजारीबाग स्थित मुक्तिधाम में शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।

इस घटना ने कई सवाल भी खड़े किए हैं। आखिर तीन दिनों तक एक व्यक्ति का शव सार्वजनिक स्थान पर पड़ा रहा और उसकी पहचान के लिए कोई अपना सामने क्यों नहीं आया? ग्रामीणों के अनुसार मृतक स्थानीय था, फिर भी उसके परिवार तक सूचना नहीं पहुंच सकी।

फिलहाल एक अनजान व्यक्ति अपने अंतिम सफर का इंतजार कर रहा है। उसकी पहचान भले ही दुनिया के सामने न आ सकी हो, लेकिन एंबुलेंस चालक शक्ति की पहल और नीरज कुमार की टीम द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी ने यह संदेश जरूर दिया है कि रिश्ता न सही, इंसानियत का फर्ज निभाना भी किसी रिश्ते से कम नहीं।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.