एनएच से अतिक्रमण व अवैध पार्किंग हटेगी, दुर्घटना संभावित स्थलों को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश

हजारीबाग : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस तामिला कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि एचएच एवं नगवां टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। दुर्घटना या आपात स्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग की हेल्पलाइन संख्या 1033 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है। प्रतिनिधि ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए एनएचएआई से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इस संबंध में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अनधिकृत पार्किंग स्थलों को हटाने के लिए भी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। ऐसे स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का निर्धारित समय सीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.