नशा मुक्ति का संदेश देता जागरूकता कार्यक्रम
हज़ारीबाग - बरही डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को नशे से होने वाले शारीरिक,मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर नशे की लत से व्यक्ति और उसके परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में दर्शाया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि नशा स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ व्यक्ति के भविष्य और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया। गीत और नृत्य के जरिए सभी से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ,खुशहाल और सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में ललन यादव के निर्देशन में विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से भी नशे के दुष्प्रभाव एवं नशामुक्त समाज को लेकर अपने मनोभावों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि नशे से बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लेकर किया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को प्रभावशाली बना दिया।
रिपोर्टर - अमित सिंह
No Previous Comments found.