स्मार्ट विलेज दैहर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बदहाल, कीचड़ से भरा रास्ता बना मुसीबत

हजारीबाग - चौपारण प्रखंड के दैहर पंचायत अंतर्गत दैहर,हथिंदर,सोहरा,नीमा तथा झापा पंचायत के बेढ़ना गांव को दैहर मोड़ से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और बरसात के कारण उनमें पानी भर जाने से पूरा रास्ता कीचड़ के दलदल में तब्दील हो गया है। यह मार्ग दो पंचायतों के हजारों ग्रामीणों के लिए हजारीबाग-चौपारण मुख्य मार्ग से जुड़ने का प्रमुख साधन है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को हो रही है। प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे इसी रास्ते से पैदल और साइकिल से विद्यालय जाते हैं। सड़क पर अत्यधिक कीचड़ होने के कारण बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े गंदे होने के साथ-साथ बैग में रखी किताबें और कॉपियां भी खराब हो जाती हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि दैहर पंचायत को स्मार्ट विलेज का दर्जा दिया गया है, लेकिन पंचायत को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरसात को देखते हुए तत्काल सड़क को चलने योग्य बनाया जाए तथा जल्द से जल्द मार्ग का पक्कीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और विशेषकर स्कूली बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

रिपोर्टर - अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.