बाल संस्कार केंद्र के शिक्षकों की मासांत कार्यशाला संपन्न,सितंबर पाठ्यक्रम पर हुआ मंथन
बरही : संघ के स्वयंसेवकों के माध्यम से संचालित डॉ. बसंत दिगंबर आगासे स्मृति सेवा संस्थान के बाल संस्कार केंद्रों में कार्यरत शिक्षक एवं मातृशक्ति की मासांत अगस्त माह की कार्यशाला रविवार को होटल आकाश पैलेस, गया रोड बरही में आयोजित हुई। कार्यशाला का उद्देश्य बाल संस्कार केंद्रों में बच्चों के बीच संस्कार, अनुशासन, योग, खेल एवं बौद्धिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाना रहा।
कार्यशाला में क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव ने विगत माह की उपस्थिति पुस्तिका का बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद बरही खंड बौद्धिक प्रमुख सुधीर चंद्रा ने निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पिछले माह कराए गए पाठ्यक्रम एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
वहीं कोडरमा जिला बौद्धिक प्रमुख सुबोध पांडेय ने आगामी सितंबर माह के पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए बाल संस्कार केंद्रों के बच्चों के बीच सुभाषित, अमृतवचन, बोधकथा, समसामयिक कविता, व्यायाम, योग एवं विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में संस्कार के साथ-साथ शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए ऐसी गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं।
कार्यशाला के समापन अवसर पर शिवाजी शाखा सेवा कार्यकर्ता डॉ. विनोद साव ने आगामी 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर बाल संस्कार केंद्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक प्रबोधन दिया। इसके पश्चात कल्याण मंत्र के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
कार्यशाला में उपस्थित शिक्षक एवं मातृशक्ति ने आगामी माह के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.