हजारीबाग में मनचलों व अड्डाबाजों के खिलाफ चला विशेष अभियान, 50 हिरासत में

हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हजारीबाग जिले में 4/5 सितंबर की रात मनचलों एवं अड्डाबाजों के खिलाफ विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में थाना स्तर पर गठित टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की।अभियान के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 49 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में करीब 194 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। गठित टीमों ने जिले में कुल 117 स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 50 मनचलों एवं अड्डाबाजों को थाना लाया गया। सभी को विशेष हिदायत देते हुए उनके परिजनों को थाना बुलाया गया और थाना स्तर से पीआर बॉन्ड पर परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से अड्डाबाजी करने और लोगों, विशेषकर महिलाओं व युवतियों को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा है अथवा किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। सूचना का सत्यापन कर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.