घर में चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार, एलईडी लाइट व एमसीबी समेत सामान बरामद

हजारीबाग : कटकमदाग थाना क्षेत्र के सिरसी-2 में घर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मो. एहसान उर्फ सोनू (31 वर्ष), पिता मो. हबीब, निवासी सिरसी-2 के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के एलईडी डाउनलाइटर, पैनल लाइट, कवर प्लेट और एमसीबी समेत कुल 12 बिजली उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सिरसी-2 निवासी नितेश कुमार राज ने नौ अक्टूबर को कटकमदाग थाना में आवेदन देकर घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दो अक्टूबर को जितिया पर्व की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। शाम करीब पांच बजे घर लौटने पर उन्होंने घर के छज्जे की ओर से मो. एहसान उर्फ सोनू को भागते देखा। घर की जांच करने पर दूसरे तल्ले के कमरे के ड्रावर से 20 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन गायब मिले। आवेदक ने इससे पहले भी घर से एलईडी बल्ब, तार, एमसीबी समेत अन्य सामान चोरी होने की बात कही थी।

मामले में कटकमदाग थाना कांड संख्या 184/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सहयोग से मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और चोरी के बिजली उपकरण बरामद किए।

छापेमारी दल में मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, पु.अ.नि. चितरंजन कुमार, कटकमदाग थाना के सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.