ज्वेलरी डकैती कांड का खुलासा, सरगना समेत पांच गिरफ्तार.16 लाख के चांदी के जेवर समेत सोना बरामद
चौपारण,हजारीबाग : चौपारण प्रखंड सिंघरावां स्थित वैष्णवी ज्वेलरी में हथियार के बल पर हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कांड के कथित मुख्य सरगना मोहिउद्दीन अंसारी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर करीब 48.26 ग्राम सोने के आभूषण और 4.051 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी के आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 16 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा चौपारण के ढाब सलोनिया स्थित क्रशर के पास एक जर्जर मकान से वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, चाकू, पेचकस और प्लास बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल,दो हेलमेट और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में अन्य जिलों में हुई लूटपाट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता बताई है।पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि 25-26 सितंबर 2026 की रात चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां स्थित वैष्णवी ज्वेलरी में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। घटना के संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कांड के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद और बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया।एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर गोरहर थाना क्षेत्र से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर वैष्णवी ज्वेलरी में डकैती की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर धनबाद के हरिना, कतरास स्थित विजय ज्वेलर्स से लूटे गए सोने चांदी के आभूषण बरामद किए। वहीं, चौपारण थाना क्षेत्र के ढाब सलोनिया में क्रशर के पास स्थित एक जर्जर मकान से घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, जिंदा गोली और अन्य औजार बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ज्वेलरी दुकानों की रेकी करने के बाद मौका देखकर लूटपाट करते थे। पूछताछ में हजारीबाग, गिरिडीह और जमशेदपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने 10 सितंबर 2026 की रात बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में लूटपाट और 9 अक्टूबर 2026 की रात चांडिल थाना क्षेत्र में एक सोना व्यापारी के घर से सोने-चांदी के आभूषण लूटने की घटना में भी अपनी संलिप्तता बताई है। पुलिस इन घटनाओं की संबंधित थानों के साथ मिलकर जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपितों ने एक पल्सर मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने बताया कि घटना के दिन इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल उनका बेटा दिलदार अंसारी हेलमेट के साथ खड़गपुर ले गया है। पुलिस दिलदार अंसारी की भूमिका और कथित तौर पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
*गिरफ्तार आरोपितों में धनबाद और बोकारो के निवासी शामिल*
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहिउद्दीन अंसारी (53 वर्ष), पिता स्वर्गीय लियाकत अंसारी, निवासी गोपालपुर श्यामडीह, थाना कतरास, जिला धनबाद; सद्दाम अंसारी (30 वर्ष), पिता सिराजुद्दीन अंसारी, निवासी गोपालपुर श्यामडीह, थाना कतरास, जिला धनबाद; सोबराती अंसारी (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय खातीर अंसारी, निवासी राहरगोडा, थाना बरमसिया ओपी, चंदनकियारी, जिला बोकारो; गुलजार अंसारी (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय निजाम अंसारी, निवासी श्यामडीह, थाना कतरास, जिला धनबाद; और शेख जमील (41 वर्ष), पिता शेख मसीर, मूल निवासी झालदा, जिला पुरुलिया, पश्चिम बंगाल, वर्तमान निवासी नवडीहा, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो के रूप में हुई है।
*कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले*
पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, मोहिउद्दीन अंसारी के खिलाफ बिरनी, बालीडीह, पुरुलिया मुफस्सिल, आद्रा, अरसा, झालदा, बोडाम, रघुनाथपुर, चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, गोमिया, जामताड़ा, बगोदर और भूली सहित विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। सद्दाम अंसारी के खिलाफ बिरनी, बालीडीह, निमियाघाट, चास, बोकारो स्टील, कतरास, टुंडी और तोपचांची थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं। सोबराती अंसारी के खिलाफ पुरुलिया मुफस्सिल, डुमरी, बालीडीह, बिरनी, निमियाघाट, अरसा, आद्रा, झालदा, रघुनाथपुर, बोडाम, चंदनकियारी, सियालजोरी और गोविंदपुर थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।गुलजार अंसारी के खिलाफ निमियाघाट, कतरास, बिरनी, झालदा, जोरापोखर, जरीडीह और पुटकी थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं, शेख जमील के खिलाफ झालदा थाने में आपराधिक साजिश, डकैती की तैयारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज होने का उल्लेख है। इन सभी मामलों की वर्तमान स्थिति और आरोपितों की भूमिका का निर्धारण संबंधित अभिलेखों के सत्यापन के आधार पर होगा।
*छापेमारी दल में कई पुलिस पदाधिकारी शामिल*
कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन, ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, चौपारण थाना के कृष्णा गुप्ता और सुरेंद्र कुमार, बरही थाना के राजबल्लभ कुमार तथा चौपारण थाना के बादल महतो शामिल थे। इनके अलावा तकनीकी शाखा एवं संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी-कर्मी और चौपारण थाना सशस्त्र बल ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब अन्य संभावित घटनाओं में आरोपितों की भूमिका,लूटे गए सामानों की खरीद बिक्री और मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जांच कर रही है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.