राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में डीएवी बरही का जलवा, 17 पदकों पर जमाया कब्जा

बरही,हजारीबाग : डीएवी पब्लिक स्कूल, जीटी रोड, बरही के विद्यार्थियों ने द्वितीय शुकोकाई राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। रांची के अनगड़ा स्थित आरटीसी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 8 कांस्य पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता में डीएवी बरही के 15 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 9 छात्र और 6 छात्राएं शामिल थीं। खिलाड़ियों ने काता एवं कुमिते स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया।

*राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन*

प्रतियोगिता की खास उपलब्धि यह रही कि स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय के प्राचार्य *पुष्प कुमार झा* ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस सफलता में शारीरिक शिक्षा शिक्षक हेमंत कुमार एवं राजेश कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम के साथ पुरुष पीईटी हेमंत कुमार और महिला एस्कॉर्ट शिक्षिका गुड़िया मिश्रा भी मौजूद रहीं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा।

डीएवी बरही की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.