बड़कागांव में ब्राउन शुगर के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच तस्कर गिरफ्तार
हजारीबाग : हजारीबाग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़कागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 23 पुड़िया में करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इसके अलावा एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 नवंबर को थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमाडीह पुल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ युवक भागने लगे, जबकि पांच को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अफताब आलम, राजन अंसारी, अल्ताफ हुसैन, रविन्द्र कुमार महतो और पवन कुमार शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एक हजार रुपये प्रति पुड़िया की दर से ब्राउन शुगर बेचने और स्वयं भी इसका सेवन करने की बात स्वीकार की है।
दीपक कुमार सिंह की कार्यशैली की हो रही सराहना
इस कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की सक्रियता और त्वरित कार्यशैली की चर्चा हो रही है। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनकी लगातार कार्रवाई सराहनीय मानी जा रही है। पुलिसिंग के प्रति उनकी तत्परता और जिम्मेदारी उन्हें एक सक्रिय एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में स्थापित करती है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के उनके प्रयासों की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.