NH-19 पर 35 KM लंबा महाजाम, NHAI की लापरवाही से जनता परेशान
चौपारण (हजारीबाग) : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर चौपारण की स्थिति अब बद से बदतर होती जा रही है। गुरुवार को लगे भीषण महाजाम ने यातायात व्यवस्था की पूरी पोल खोलकर रख दी। सड़क की दोनों लेन में करीब 35 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हजारों लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हालात ऐसे बन गए कि लोगों का सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया। लेकिन सवाल यह है कि आखिर NHAI के जिम्मेदार अधिकारियों की नींद कब टूटेगी?
चौपारण में NH-19 पर जाम अब कोई नई समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह रोजमर्रा की मुसीबत बन चुकी है। कभी महूदी मोड़, कभी सिंगरावां मोड़, कभी केंदुआ मोड़ तो कभी अन्य स्थानों पर घंटों वाहनों की कतार लगी रहती है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, अधूरे निर्माण कार्य, अव्यवस्थित यातायात और मरम्मत की लचर व्यवस्था ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
आंदोलन हुए, खबरें छपीं, आश्वासन मिले, लेकिन नतीजा सिफर!
सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार आंदोलन किए गए। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने लगातार आवाज उठाई। विभिन्न समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों में रोजाना इस बदहाली को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया जा रहा है। पत्रकार लगातार NHAI की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
पत्रकारों के सवालों और खबरों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। न तो समस्याओं का संतोषजनक जवाब मिलता है और न ही खबरों के बाद धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई देती है। हर बार पांच दिन, छह दिन या सात दिन में समस्या दूर करने का आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। तारीखें बदलती हैं, आश्वासन बदलते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति नहीं बदलती।
NHAI की लापरवाही से प्रशासन भी परेशान, भुगत रही आम जनता!
इस अव्यवस्था का खामियाजा केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी भुगतना पड़ रहा है। घंटों लगने वाले जाम को नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। दूसरी ओर स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। मरीज अस्पताल जाने के लिए परेशान हैं। शादी-विवाह के इस मौसम में बारात और जरूरी काम से निकले लोग घंटों सड़क पर फंसे रहने को मजबूर हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में यह जाम किसी बड़ी अनहोनी का कारण भी बन सकता है।
कंपनियां बदलती रहीं, सड़क की हालत नहीं बदली!
सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर कभी एक कंपनी तो कभी दूसरी कंपनी की चर्चा होती है। आखिर निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही कौन तय करेगा? काम की गुणवत्ता की निगरानी किसकी जिम्मेदारी है? सड़क की मरम्मत और गड्ढों की भराई आखिर कब होगी? सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि जनता को सुगम आवागमन की सुविधा नहीं मिल रही है, तो निर्माण कार्यों और खर्च की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?
NHAI के जिम्मेदार अधिकारियों से सीधे सवाल—
1. करीब 35 किलोमीटर तक महाजाम लगने की नौबत आखिर क्यों आई?
2. NH-19 की बदहाल सड़क और गड्ढों की मरम्मत अब तक क्यों नहीं हुई?
3. बार-बार दिए जाने वाले पांच से सात दिनों के आश्वासन पर अमल क्यों नहीं होता?
4. निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही और कार्यों की गुणवत्ता की जांच कौन करेगा?
5. पत्रकारों की लगातार खबरों और जनता के आंदोलनों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
6. जाम में फंसे मरीजों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं है?
अब आश्वासन नहीं, जवाबदेही चाहिए!
चौपारण की जनता अब केवल आश्वासन सुन-सुनकर थक चुकी है। मीडिया लगातार आवाज उठा रहा है, जनता आंदोलन कर रही है और प्रशासन भी परेशान है, फिर भी NHAI की कार्यशैली में सुधार नहीं दिखना बेहद चिंताजनक है। आखिर किसके संरक्षण या किसकी उदासीनता में यह व्यवस्था चल रही है?
केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यदि आम आदमी घंटों जाम में फंसा रहे, मरीज समय पर अस्पताल न पहुंच सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो, तो विकास के दावों का क्या अर्थ रह जाता है?
NHAI के अधिकारियों को अब निरीक्षण और आश्वासन की औपचारिकता छोड़कर जमीन पर काम करना होगा। चौपारण की जनता को भाषण नहीं, सड़क चाहिए; तारीख नहीं, समाधान चाहिए और आश्वासन नहीं, जवाबदेही चाहिए। आखिर NH-19 पर जनता को राहत कब मिलेगी?
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.