पुलिस कप्तान अमन कुमार के निर्देश पर पेलावल में बड़ी कार्रवाई, चोरी का चंद घंटों में खुलासा...
हजारीबाग : पुलिस कप्तान अमन कुमार के निर्देश पर पेलावल ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में हुई चोरी की घटना का चंद घंटों में उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों मोहम्मद महताब (30) पिता मोहम्मद क्यूम और मोहम्मद शमीर कुरैशी (25) पिता मोहम्मद शमीम, दोनों निवासी मंडई कला, थाना लोहसिंघना, हजारीबाग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, 55,750 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और पांच घड़ियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त TVS मोटरसाइकिल संख्या JH02BG-7117 भी जब्त की है।मामला पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़या गांव का है। छड़या निवासी प्रदीप राणा, पिता स्व. तुलसी राणा ने 23 अगस्त को पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान अमन कुमार ने मामले का शीघ्र उद्भेदन करने का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक सपन महथा, पेलावल अंचल, पुअनि बिट्टू रजक, प्रभारी पेलावल ओपी, पुअनि संजय खलखो, सअनि रविन्द्र कुमार, तकनीकी शाखा हजारीबाग एवं थाना सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद मंडई कला में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का कान का टॉप एक जोड़ा, चांदी की पायल एक जोड़ा, सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, पांच घड़ियां, 55,750 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस कप्तान अमन कुमार ने कहा कि जिले में चोरी समेत आपराधिक घटनाओं पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि घटनाओं का त्वरित उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अपराधियों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में डीएसपी ज्ञान रंजन के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सपन महथा, पुअनि बिट्टू रजक, पुअनि संजय खलखो, सअनि रविन्द्र कुमार, तकनीकी शाखा हजारीबाग और पेलावल ओपी के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कम समय में चोरी का सामान बरामद कर मामले का उद्भेदन किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.