हंसिका मोटवानी का टूटा घर: शादी के 4 साल बाद तलाक
मनोरंजन जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मशहूर एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया की शादी आधिकारिक तौर पर टूट गई है। पिछले काफी समय से दोनों के रिश्तों में दरार की खबरें आ रही थीं, जिस पर अब कोर्ट की मुहर लग गई है। मुंबई की बांद्रा कोर्ट ने दोनों का तलाक फाइनल कर दिया है।
4 साल में ही बिखर गया रिश्ता
हंसिका ने 4 दिसंबर 2022 को बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया के साथ जयपुर के मुंडोता फोर्ट में बेहद शाही अंदाज में शादी की थी। हालांकि, शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच अनबन की खबरें सुर्खियां बनने लगी थीं। महज 4 साल के भीतर ही यह रिश्ता खत्म हो गया। गौर करने वाली बात यह है कि इस शादी से कपल का कोई बच्चा नहीं है।
कोर्ट की सुनवाई के दौरान हंसिका के वकील अदनान शेख ने रिश्तों में आई कड़वाहट की परतों को खोला। उनके मुताबिक:
शादी के कुछ समय बाद ही दोनों को एहसास हुआ कि उनके नेचर, लाइफस्टाइल और सोचने के तरीके में जमीन-आसमान का फर्क है। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवादों ने घर का माहौल तनावपूर्ण कर दिया था। एक छत के नीचे रहना दोनों के लिए नामुमकिन हो गया था। परिवार और दोस्तों ने इस शादी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो दोनों ने 2 जुलाई 2024 से अलग रहना शुरू कर दिया और आपसी सहमति से तलाक का फैसला लिया। हंसिका ने तलाक के बदले किसी भी तरह की एलिमनी (गुजारा भत्ता) या स्त्रीधन पर अपना दावा नहीं किया है। उन्होंने गरिमा के साथ इस रिश्ते से बाहर निकलने का रास्ता चुना।
सोहेल की दूसरी शादी भी रही नाकाम
बता दें कि सोहेल कथूरिया की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने हंसिका की ही बेस्ट फ्रेंड रिंकी बजाज से शादी की थी। हंसिका और सोहेल की शादी के वक्त भी काफी विवाद हुआ था और लोगों ने हंसिका पर अपनी सहेली का घर तोड़ने के आरोप लगाए थे। अब सोहेल का यह दूसरा रिश्ता भी मुकाम तक नहीं पहुंच सका।
चाइल्ड आर्टिस्ट से साउथ की 'सुपरस्टार' तक का सफर
हंसिका मोटवानी भारतीय मनोरंजन जगत का एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अपनी पहचान बना ली थी.. 'शका लका बूम बूम', 'सोन परी', 'करिश्मा का करिश्मा' और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' जैसे शोज से वह घर-घर में मशहूर हुईं। ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई... मिल गया' में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उनके काम को काफी सराहा गया। हिंदी के बाद हंसिका ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया और वहां के बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम कर अपनी एक अलग पहचान बनाई। हंसिका अपने करियर के दौरान अपने लुक और गजब के शारीरिक बदलाव को लेकर भी अक्सर चर्चा में रही हैं।

No Previous Comments found.