जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य 'हिन्दू सम्मेलन' का आयोजन
हरदोई : हरदोई जिले के कछौना स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य 'हिन्दू सम्मेलन' का आयोजन किया गया है। केसरिया ध्वजों और 'जय श्री राम' के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए कई आध्यात्मिक और सामाजिक विभूतियाँ मंच पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, RSS के सहप्रांत प्रचारक श्रीमान संजय जी ने अपने संबोधन में हिंदू समाज की एकजुटता, समरसता और स्वाभिमान पर जोर दिया। उन्होंने संघ के 100 वर्षों के गौरवशाली सफर और राष्ट्र निर्माण में हिंदू समाज की भूमिका को रेखांकित किया।
आध्यात्मिक ऊर्जा से भरे इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी विद्यानंद सरस्वती जी महाराज (नैमिशारण्य) का सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ ही अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रूपम तिवारी जी (प्रांतीय उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय साहित्य परिषद) और विशिष्ट अतिथि परमसाध्वी मुमुक्षा दीदी जी ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने समाज में परस्पर प्रेम और सहयोग का संदेश दिया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी इस सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सभापति अशोक अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संचित अग्रवाल, नगर अध्यक्ष राधा रमन शुक्ला, और मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन और संयोजन अमित, पुनीत और शशांक की टीम द्वारा किया गया। सम्मेलन के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'संगठित हिन्दू-समर्थ भारत' के संकल्प को दोहराना था। कुल मिलाकर, कछौना का यह हिन्दू सम्मेलन न केवल संख्या बल बल्कि वैचारिक दृष्टि से भी काफी प्रभावशाली रहा।
रिपोर्टर : अनुराग सिंह

No Previous Comments found.