सन शाइन कॉन्वेंट स्कूल के क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन

हरदोई : टूर्नामेंट के दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबलों में क्लास 5th और क्लास 7th की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

मैच का विवरण: फाइनल मुकाबले में क्लास 5th के कप्तान जीतू यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। उनकी टीम ने निर्धारित 7 ओवरों में 45 रनों का स्कोर खड़ा किया।
परिणाम: लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्लास 7th की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 5 विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि, अंतिम ओवरों के रोमांच के बीच क्लास 7th ने सूझबूझ से खेलते हुए जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। राज यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए फाइनल का 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
विजेता टीम के कप्तान मो० आजम को नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ल ने चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
सत्येंद्र श्रीवास्तव जी ने खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को 1,100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
 फ्रेंडली मैच में अनुभव सोनी मैन ऑफ द मैच रहे, जिन्हें भाजपा मण्डल अध्यक्ष मयंक सिंह ने सम्मानित किया। अन्य पुरस्कार वितरण में सतेंद्र श्रीवास्तव, मनोज तिवारी और क्रान्ति वीर सिंह जैसे गणमान्य अतिथि शामिल रहे।
समापन समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मो० शोएब ने अभिभावकों को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा:
"बच्चों को मोबाइल की आभासी दुनिया से दूर रखकर मैदान पर खेल खेलने के लिए प्रेरित करें। खेलकूद से न केवल शारीरिक बल्कि बौद्धिक विकास भी होता है। सन शाइन कॉन्वेंट स्कूल भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करता रहेगा।
मैच के सफल संचालन में अंपायर के रूप में नदीम, रेहान, अंश, रानू सोनी और सौम्य सिंह ने भूमिका निभाई। कमेंट्री के माध्यम से मो० गुफरान, विजय गुप्ता सर और शिव नारायण सर ने दर्शकों को बांधे रखा। स्कोरिंग का जिम्मा विकास सर और अवनीश सर ने संभाला। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुनील सोनी सहित भारी संख्या में अभिभावक और क्षेत्र के सम्मानित लोग उपस्थित रहे। 

रिपोर्टर : अनुराग सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.