कछौना में कोचिंग-लाइब्रेरियों में फायर सेफ्टी नियमों की उड़ रही धज्जियां

हरदोई : लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर/लाइब्रेरी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में मिशन मोड में फायर सेफ्टी ऑडिट कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जनपद का अग्निशमन विभाग भी इस समय एक्शन मोड में फायर गाइडलाइन को लेकर कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियों पर कार्रवाई का शिकंजा कस रहा है लेकिन इस सबके बावजूद भी कोचिंग और लाइब्रेरी संचालक फायर सेफ्टी नियमों पर अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जनपद के कछौना नगर में हुए एक रियलिटी चेक में कोचिंग/कंप्यूटर सेंटरों, लाइब्रेरियों, निजी अस्पतालों/नर्सिंग होम/प्राइवेट स्कूलों और होटलों में फायर सेफ्टी नियमों की जमकर धज्जियां उड़ती पाई गईं। अग्निशमन विभाग के शिथिल पर्यवेक्षण ने छात्र-छात्राओं, मरीजों और आम-जनमानस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताते चलें कि कछौना नगर में अग्निशमन मानकों की घोर अनदेखी कर बिना फायर एनओसी, आवश्यक वैध पंजीकरण/विद्युत कनेक्शन के अवैध रूप से आवासीय भवनों(घरों), गलियों से लेकर बेसमेंट तक में लगभग एक दर्जन कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी संचालित हैं। नगर के लखनऊ-हरदोई रोड पर मुख्य चौराहे पर यूजे पैलेस के बेसमेंट में आशुतोष लाइब्रेरी एंड स्टडी सेंटर, द लर्निंग प्वाइंट लाइब्रेरी, स्टेशन-गौसगंज रोड पर सक्सेस कंप्यूटर इंस्टिट्यूट, ड्रीम्स कंप्यूटर इंस्टिट्यूट, स्प्रिट डिजिटल लाइब्रेरी, गेम लाइब्रेरी, ओयो सुपर होटल, हथौड़ा रोड पर वेब कंप्यूटर इंस्टिट्यूट व गाजू रोड पर दीक्षा कॉम्पटीशन क्लासेज तथा बालामऊ पब्लिक स्कूल में डिजिटल लाइब्रेरी आदि संचालित हैं। छात्रों को लुभाने के लिए वातानुकूलित कमरों से लेकर कंप्यूटर, वाई-फाई तक की सुविधा देकर मोटी फीस वसूलने वाले इन कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम पूरी तरह से नदारद हैं और छात्रों की सुरक्षा के दावे फेल हैं। अधिकांश स्थानों पर अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता/वैधता, आपातकालीन निकास, फायर अलार्म, धुआं निकलने की समुचित व्यवस्था, वेंटिलेशन और सुरक्षित विद्युत वायरिंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का अभाव है जिससे नगर में कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इस पूरे प्रकरण को उप्र अग्निशमन सेवा के पुलिस महानिदेशक(डी.जी. फायर सर्विस) सुजीत पांडेय व उप्र अग्निशमन मुख्यालय(स्टेट कंट्रोल रूम) को अवगत कराया गया है।

उक्त मामले को लेकर जिले के मुख्य अग्निशमन अधिकारी(सीएफओ) महेश प्रताप सिंह ने बताया कि जल्द ही इस संदर्भ में निरीक्षण कर संबंधित कोचिंग/लाइब्रेरी/अस्पताल/स्कूल/होटल संचालकों पर कार्रवाई करते हुए अवैध/फायर सेफ्टी के मानकों को ताक पर रखकर चल रहे संस्थानों को सीज किया जाएगा। अभिभावकों/छात्र-छात्राओं से भी अपील है कि आप अपने कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, कंप्यूटर सेंटर में फायर सेफ्टी नियमों को लेकर सदैव सतर्क और जागरूक रहें और किसी भी मानक के उल्लंघन पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

रिपोर्टर : अनुराग सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.