1100 मीटर लंबे धीरजाखेड़ा–पुरवा संपर्क मार्ग के निर्माण की कवायद शुरू
हरदोई : लंबे समय से उपेक्षित धीरजाखेड़ा तिराहा से पुरवा संपर्क मार्ग के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। करीब 1100 मीटर लंबे इस संपर्क मार्ग का स्टीमेट तैयार करने के लिए गुरुवार को विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता श्री रामगोपाल सिंह, श्री अजय कुमार तथा सहायक अवर अभियंता श्री विनीत कुमार सिंह ने सड़क की मौजूदा स्थिति, लंबाई, चौड़ाई एवं निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर सड़क निर्माण का प्रस्ताव एवं स्टीमेट तैयार किया जाएगा।
इस पहल पर क्षेत्रवासियों ने जिलापंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क के निर्माण के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस अभियान में शिव शर्मा (मानवाधिकार जिलाध्यक्ष), भोजराज मौर्य, वीरेंद्र सिंह, डॉ. राम प्रकाश,विजय शुक्ला, विनय मौर्य, धर्मराज, मानू एवं आकाश, ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
रिपोर्टर : आशीष गुप्ता
No Previous Comments found.