हत्याहरण तीर्थ पर स्नान के दौरान दो युवकों की डूबकर मौत
हरदोई - हत्याहरण तीर्थ पर स्नान के दौरान दो युवकों की डूबकर मौत ऋतिक को बचाने गहरे पानी में उतरा ममेरा भाई मोहित भी डूबा,बचाव में गई महिलाएं भी फंसीं। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पौराणिक श्री हत्याहरण तीर्थ पर भाद्रपद माह मेले के अंतिम रविवार की भोर स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद तीर्थ परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी कोथावां भेजा, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के खेरवा,आवास विकास कॉलोनी निवासी मोहित त्रिपाठी (पुत्र आलोक त्रिपाठी) अपनी माता अर्चना के साथ और ऋतिक (पुत्र मिथलेश) अपने अन्य साथियों के साथ हत्याहरण तीर्थ पर स्नान करने आए थे। स्नान के दौरान ऋतिक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए ममेरे भाई मोहित ने पानी में छलांग लगा दी,लेकिन वह भी डूबने लगा। पास में स्नान कर रहीं माता अर्चना,और अन्य महिलाएं भी दोनों को बचाने के लिए पानी में उतर गईं और वह भी डूबने लगीं। हत्याहरण निवासी विनोद द्विवेदी ने लोगों को डूबते देखा तो अन्य श्रद्धालुओं के साथ बचाव के लिए गहरे पानी में उतर गए। रस्सी और बांस की लग्गी के सहारे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान ऋतिक पानी में नहीं मिला। मौजूद लोगों ने डुबकी लगाकर उसकी तलाश की और कुछ देर बाद उसे बाहर निकाला। वहीं भाई राज त्रिपाठी ने भी डंडे के सहारे बचाने का प्रयास किया,लेकिन वह भी डूबने लगा। दोनों युवकों को बाहर निकालने के बाद साथियों और मौजूद लोगों ने काफी देर तक सीपीआर देने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को सीएचसी कोथावां ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
संवाददाता - रामकृष्ण मिश्रा

No Previous Comments found.