एसपी ने पुलिस लाइन में आरटीसी कार्यालय,मैस व कैंटीन का किया औचक निरीक्षण

हाथरस - पुलिस अधीक्षक हाथरस ने पुलिस लाइन स्थित आरटीसी (Recruit Training Centre) कार्यालय, आरटीसी मैस एवं पुलिस कैंटीन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा कैंटीन में उपलब्ध सामानों की दरों सहित सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह, आरटीसी प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसपी ने सर्वप्रथम आरटीसी कार्यालय में भर्ती आरक्षियों के प्रशिक्षण से जुड़े अभिलेख, उपस्थिति पंजी, प्रशिक्षण कार्यक्रम, फायर एवं ड्रिल रजिस्टर की जांच की। इसके बाद मैस में भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण व रजिस्टरों की स्थिति का निरीक्षण किया। भोजन का स्वाद स्वयं लेकर गुणवत्ता परखी और मेस मैनेजर को निर्देशित किया कि रिक्रूट आरक्षियों को पौष्टिक व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। अंत में एसपी ने पुलिस कैंटीन का निरीक्षण किया, जहाँ वस्तुओं के मूल्य, गुणवत्ता, बिलिंग सिस्टम, मूल्य सूची, स्टॉक पंजी और साफ-सफाई की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि कैंटीन में सभी सामान निर्धारित दरों पर और मानक गुणवत्ता के अनुसार ही उपलब्ध कराए जाएँ।

संवाददाता - अतीक अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.